रामकोला। मंगलवार को रामकोला थाने के गांव खोटहीं के देवान टोला से एक युवती की लाश कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई। डीएम के आदेश पर एसडीएम हाटा और सीओ खड्डा की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई।
खोटहीं देवान टोला निवासिनी जमीरा खातून की पुत्री अमीरून निशा (16) की मौत बीते आठ नवंबर को हो गई थी। लाश को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया था। मृतका की मां अगले दिन से ही इस मामले में पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों और मुकामी पुलिस से शिकायत कर रही है। जामिरा का आरोप है कि पट्टीदारों ने रंजिशन उसकी पुत्री को मार डाला और शव को जबरन दफना दिया। डीएम ने इस शिकायत के आधार पर लाश को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया था। मंगलवार को दिन के करीब 11 बजे एसडीएम हाटा एसके शर्मा, सीओ खड्डा विनोद कुमार यादव और एसओ रामकोला कमला यादव फोर्स लेकर गांव पहुंचे। इन अफसरों की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ रामकोला कमला यादव ने इस संबंध में बताया कि लाश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।