तमकुहीराज। झड़वा के एक व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज करके जेल भेजे जाने से नाराज सेवरही क्षेत्र के ग्राम प्रधान और ग्रामीण गुरुवार को सीओ कार्यालय पहुंचकर धरना देने लगे। इनका आरोप था कि थानाध्यक्ष ने अकारण ही एक गरीब को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा है। इस प्रकरण की जांच किसी अन्य थानाध्यक्ष से कराई जाए। साथ ही दर्ज मुकदमे वापस लिए जाए। इस दौरान सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
धरना दे रहे लोगों का कहना था कि तरयासुजान थाना क्षेत्र के झड़वा गांव का के रहने वाले गोविंद यादव सपा के बूथ स्तर के कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ता हैं। भूमिहीन होने के साथ-साथ वह बाढ़ विस्थापित भी हैं। उनकी पत्नी लकवाग्रस्त है। पांच अबोध बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। मजदूरी ही जीविका का साधन है। धरनारत लोगों ने कहा कि बरवापट्टी थानाध्यक्ष एक हफ्ते पूर्व उसे अकारण उठा लाए और गांजा की तस्करी में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया। तब से उसका परिवार दूसरों की रहम पर जी रहा है। इनकी मांग थी कि इस प्रकरण की जांच किसी और थानाध्यक्ष को सौंपी जाए तथा मुकदमा वापस लिया जाए। यह चेतावनी भी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं हैं धरना जारी रहेगा।
धरने की अगुवाई प्रधान संघ सेवरही के अध्यक्ष और सपा नेता बृजेश राय ने की। इस दौरान सपा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवधेश राय, विधानसभा अध्यक्ष मुहम्मद आलम, महासचिव अरविंद सिंह पटेल, लोहिया वाहिनी के जिला सचिव सुरेश यादव आदि मौजूद थे।