पडरौना। भाई-बहन का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन जिले भर में परंपरागत ढंग से मनाया गया। सुबह से ही सड़क से लेकर बस और रेलवे स्टेशन पर चहल पहल रही। मिठाई और राखी की दुकानों पर रविवार को भी लोग इन सामग्रियों की खरीदारी करते देखे गए। भाई जहां राखी बंधवाने अपनी बहनों के घर जा रहे थे, वहीं बहनें भी अपने भाइयों के घर जाकर उन्हें राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की दुआएं मांगीं।
प्राचीन काल से ही मनाए जाने वाले रक्षाबंधन को लेकर रविवार को सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। नए-नए परिधान पहने भाइयों ने बहनों से राखी बंधवाई। प्रात:काल से ही रक्षाबंधन का मुहूर्त होने की वजह से राखी, मिठाइयां आदि एक दिन पहले ही खरीद ली गई थीं। सुबह से ही चौक-चौराहों और बाजारों में रक्षाबंधन के गीत बजने लगे थे। छोटे बच्चों ने तो घरों में भी अपने बहनों से राखी बंधवाई, लेकिन जिनकी बहनों की शादी हो गई थी, वे राखी बंधवाने उनके घर तक गए। पडरौना नगर समेत सभी बाजारों और चौक-चौराहों पर इस त्योहार को लेकर काफी चहल-पहल दिखी। राखियों और मिष्ठानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रविवार को भी जुटी हुई थी। ग्रामीण क्षेत्र में भी यह त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया गया।
रहसू बाजार प्रतिनिधि के अनुसार बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लिया और तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। बहनें भाइयों के लिए विविध प्रकार की आकर्षक राखियां खरीदी थीं। कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश ओपी सिंह के निर्देश पर एसओ कुबेरस्थान राजेश कुमार मौर्या सहित सभी पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र से आई मुंहबोली बहनों से राखी बंधवाई और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इसके अलावा कुबेरस्थान सबिहत आस पास के सभी गांवों में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र के लिए दुआएं मांगी। दुदही, तमकुहीरोड, पटहेरवा, कप्तानगंज, तमकुहीराज, रामकोला, खड्डा सहित सभी इलाकों के थाने में जहां डीजीपी के निर्देश पर सीओ और एसओ सहित अन्य सभी पुलिसकर्मियों ने कन्याओं से राखी बंधवाकर उनकी सुरक्षा का वचन दिया, वहीं कस्बा से लेकर गांव तक बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर अपनी सुरक्षा का संकल्प लिया।