पडरौना। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी शहर की बिजली दगा दे गई। तिलक चौक और तिलकनगर मोहल्ले में ट्रांसफॉर्मर खराब होने की वजह से पूरी रात बिजली गुल रही। रविवार की दोपहर बाद जाकर आपूर्ति शुरू हो सकी। लगभग 12 घंटे तक शहर के विभिन्न मोहल्लों की बिजली गुल रही। छावनी में तो शनिवार की देर शाम हाईवोल्टेज के चलते कई घरों के बल्ब व अन्य उपकरण भी जल गए थे। त्योहारों में पडरौना और रवींद्रनगर हाइडिल से जुड़े शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती सामान्य बात हो गई है। इस बार रक्षाबंधन में भी ऐसी ही स्थिति रही। पडरौना नगर के तिलकनगर, गुदरी बाजार, लाजपत नगर, आवास विकास कॉलोनी समेत कई मुहल्लों में शनिवार की रात 12 बजे से ही बिजली आपूर्ति बंद हो गई। तिलक चौक और तिलक नगर मोहल्ले में लगा ट्रांसफॉर्मर खराब होने की वजह से आपूर्ति का बंद होना बताया जा रहा है। छावनी में हाई वोल्टेज से कई घरों के बल्ब, पंखे आदि खराब हो गए थे। हंसराज कुमार कौशल ने बताया कि तिलकनगर और तुलसी आवास विकास कालोनी का ट्रांसफॉर्मर जल जाने के कारण बिजली आपूर्ति बंद हुई थी। इसके अलावा बारिश के दौरान तेज हवा चलने के कारण कुछ मोहल्लों में फाल्ट की समस्या उत्पन्न हुई थी।