एटीसी बिल्डिंग का काम फिर हुआ शुरू
बारिश का पानी भरने से एक सप्ताह से रुका था काम
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। 199 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की एटीसी बिल्डिंग के निर्माण का काम बारिश का पानी सूख जाने के बाद शुक्रवार को फिर से शुरू हो गया। इस एयरपोर्ट से उड़ान के लिए रनवे पूरी तरह से तैयार है। वहीं एयर ट्रैफिक कंट्रोल फायर बिल्डिंग निर्माणाधीन है। इसका भी काम चल रहा है। कसया एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी की ओर से प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह और शाम को दौराकर निर्माण का जायजा लिया जा रहा है।
एटीसी बिल्डिंग में छह तल होंगे। इसके बनाए जाने के लिए जमीन के अंदर कंक्रीट के पिलर खड़े किए जा रहे हैं। इसमें लगभग 214 पिलर तैयार करने है। धरातल के ऊपर बेस बनाया जाना है, लेकिन अभी कंक्रीट के पिलर ही नहीं तैयार किए जा सके हैं। निर्माण कराने वाली कंपनी के कर्मचारियों की मानें तो एटीसी बिल्डिंग के निर्माण में अभी और समय लगेगा। इसके अलावा एयरपोर्ट के बाकी चहारदीवारी निर्माण का भी काम पूरा कराया जा रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर सूबेदार सिंह यादव का कहना है कि बारिश के चलते कार्य स्थल पर पानी भर गया था। पानी सूखने के बाद कार्य शुरू करा दिया गया है।