पडरौना (कुशीनगर)। बरसात के इन दिनों में मनमानी बिजली कटौती के साथ-साथ हाईवोल्टे की समस्या भी उत्पन्न हो जा रही है। बुधवार की देर शाम हाईवोल्टेज के चलते नगर के छावनी मोहल्ले के कई घरों के विद्युत उपकरण जल गए।
पडरौना नगर में बिजली कटौती पहले से अधिक हो रही है। उस पर भी यदि बारिश आ जाए तो बिजली कटने पर उसके लौटने का कोई ठिकाना नहीं रह रहा है। तीन दिन पहले बारिश के बाद आए फाल्ट के चलते 28 घंटे तक लगातार बिजली कटी रही।
इसके अलावा उपभोक्ताओं को कभी लो वोल्टेज तो कभी हाईवोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बुधवार की शाम करीब सात बजे हाईवोल्टेज के चलते नगर के छावनी मोहल्ला निवासी शेषनाथ शर्मा के घर कई बल्ब फ्यूज हो गए तथा अन्य उपकरणों को भी क्षति पहुंची। इसी तरह छावनी के ही रामचंदर खरवार के घर का टेलीविजन, बल्ब सहित अन्य उपकरण जल गए। इसके चलते लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। कुछ अन्य घरों में भी बिजली के उपकरणों का क्षति पहुंची।