पडरौना (कुशीनगर)। मौसम विभाग की तरफ से पांच मई को धूलभरी आंधी और बारिश होने की आशंका जताए जाने के बाद कई विद्यालय संचालक सतर्क हो गए हैं। वहां शनिवार को स्कूल बंद रखने की तैयारी है। हालांकि डीएम की तरफ से इस बारे में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बंगाल में बवंडर के साथ तेज बारिश के चलते वहां काफी क्षति हुई है। 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी में 92 लोगों की मौत और 90 के घायल होने की सूचना के बाद मौसम विभाग ने पांच मई को भी आंधी-बारिश आने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने गोरखपुर, बलिया, मऊ, गाजीपुर, अंबेडकरनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्घार्थनगर, गोंडा सहित विभिन्न जनपदों के कुछ हिस्सों में भी इसका प्रभाव होने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए कई निजी विद्यालयों ने स्कूल बंद रखने की सूचना दे दी है।
डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह का कहना है कि अलर्ट के बारे में जानकारी हुई है। हालांकि स्कूल बंद रखने का आदेश नहीं दिया गया है। विद्यालय अपने निर्धारित समय पर खुलेंगे और शिक्षक भी वहां मौजूद रहेंगे।