कुशीनगर। नौरंगिया तिराहे के कप्तानगंज मोड़ से शनिवार की देर रात पुलिस ने तीन डंपर पर लदे सफेद बालू एवं 12 पहिया ट्रक पर लदा लाल मोरंग पकड़ा। ओवरलोड में पकड़े गए इन वाहनों के चालकों के पास बालू व मोरंग की ढुलाई से संबंधित कागजात भी नहीं थे। पकड़े गए सभी वाहनों को पुलिस ने नेबुआ नौरंगिया थाने भेज दिया। इसके साथ ही चालकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
सफेद बालू और मोरंग के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए आईजी जोन की तरफ से गठित स्पेशल टीम के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि सिपाहियों और एसओ नेबुआ नौरंगिया की पुलिस टीम के सहयोग से शनिवार की देर रात नौरंगिया तिराहे के कप्तानगंज मोड़ पर तीन डंपर पकड़े गए, जिन पर सफेद बालू लदा था। डंपर पर निर्धारित से अधिक मात्रा में बालू लदा था। साथ ही बिना वैध प्रपत्र के ही बालू ढुलाई की जा रही थी। इन सिलसिले में खनिज, मोटर व लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत नेबुआ नौरंगिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। तीनों डंपर नेबुआ नौरंगिया थाने में भेजे गए। पुलिस ने चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। चालकों के नाम राममूरत व नोखेलाल निवासी खपरिहा कला थाना मैलानी बांदा और रामबाबू निवासी तेंदुवारी बांदा हैं।
इसके अलावा स्पेशल टीम ने शनिवार की रात में ही पिपरा बाजार में 12 पहिया वाला एक ट्रक भी पकड़ा, जिस पर 1250 घन फीट लाल मोरंग लदा था। चालक देवसागर यादव निवासी गगहा गोरखपुर बिना वैध कागजात के उसे बिहार से ओवरलोड करके ले जा रहा था। टीम ने चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा मोरंग लदे ट्रक को नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ भी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।