मंसाछापर। पडरौना कोतवाली के बांसी चौकी पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से बिहार ले जाए जा रहे 16 ड्रम में रखे करीब 3200 लीटर डीजल बरामद किया। मामले की रिपोर्ट पूर्ति विभाग को भेज दी है, जहां उसकी जांच की जा रही है। पकड़े गए ट्रैक्टर चालक को निजी मुचलके पर पुलिस ने छोड़ दिया।
बृहस्पतिवार की देर रात को ट्रैक्टर-ट्राली पर ड्रम में डीजल ले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। बांसी पुलिस चौकी के पास पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को रोककर तलाशी ली तो ट्रॉली पर रखे 16 ड्रम में 3200 लीटर डीजल बरामद हुआ। ट्रैक्टर चालक के पास डीजल के संबंध में कोई वैध कागज भी नहीं मिला। पुलिस ने डीजल को कोतवाली भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और डीएम के निर्देश पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी भी की जा रही है। इस संबंध में कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि 16 ड्रम में 3200 लीटर डीजल पकड़ा गया है। इसकी रिपोर्ट पूर्ति विभाग को भेज दी गई है। डीएम के निर्देश मिलते ही इस मामले में पूर्ति विभाग की तरफ से प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी।