इंसेफेलाइटिस से साढ़े तीन साल के मासूम की मौत
खड्डा (कुशीनगर )। इंसेफेलाइटिस से साढ़े तीन साल के एक मासूम की मौत हो जाने से उसके परिवार में कोहराम मचा है। मासूम अपने परिवार का इकलौता पुत्र था।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर जंगल गांव निवासी राजा पाठक के साढे़ तीन वर्ष के पुत्र अथर्व को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। तीन दिन पहले उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो परिजन उसे पडरौना एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। मासूम के दादा नर्वदा पाठक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज करने वाले डॉक्टर ने इंसेफेलाइटिस से बच्चे की मौत होना बताया है।
फाल्ट ठीक कर रहा लाइनमैन झुलसा
फाजिलनगर/रहसू बाजार (कुशीनगर )। पटहेरवा थाना क्षेत्र के नदवा विशुनपुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम को शटडाउन लेकर पोल पर फाल्ट ठीक कर रहा एक लाइनमैन अचानक बिजली आ जाने से झुलस गया। लोग उसे फाजिलनगर सीएचसी फाजिलनगर ले गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उपकेंद्र पहुंचे और सड़क जाम कर लापरवाह बिजलीकर्मी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बंद थी। बृहस्पतिवार को गांव के लोगों ने संविदा पर तैनात लाइनमैन छत्तर शर्मा से ठीक करने को कहा। लाइनमैन अपने सहयोगी आदित्य (25) के साथ फाल्ट ठीक करने गया। शटडाउन लेने के बाद आदित्य पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक करने लगा। इसी दौरान बिजली आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर गया। मौजूद लोग उसे सीएचसी फाजिलगनर ले गए, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद गांव के लोगों के साथ परिवार के लोग विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। वहां सड़क जाम कर शटडाउन लेने के बावजूद बिजली आपूर्ति करने वाले लापरवाह बिजलीकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उसके इलाज का खर्च देने की मांग करने लगे। लोगों का आरोप था कि शटडाउन लेने के बाद बिना बात किए ही उपकेंद्र पर तैनातकर्मी ने बिजली चालू कर दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी फाजिलनगर दिग्विजय सिंह ने लोगों को आश्वासन दिया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। इसके बाद लोग मानें।
तेज हवा और बारिश ने दी उमस भरी गर्मी से राहत
पडरौना (कुशीनगर)। बृहस्पतिवार की शाम करीब सवा सात बजे चली तेज हवा और बारिश से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि धूलभरी हवा चलने से लोग घरों में चले गए। इस दौरान बिजली गुल गई। बृहस्पतिवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान थे। ऊपर से बिजली न रहने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। शाम को करीब सवा सात बजे अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। बिजली न रहने की वजह से इंटरनेट सेवा और पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा। बारिश शुरू हो जाने के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। संवाद