22 से 27 मार्च तक होगी आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा
31 मार्च को होगा परीक्षाफल का वितरण, एक अप्रैल से शुरू होगा नामांकन
पडरौना। जिले के कक्षा एक से आठवीं तक परिषदीय स्कूलों में 22 से 27 मार्च तक वार्षिक परीक्षा होगी। 28 से 30 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और 31 मार्च को परीक्षाफल की घोषणा की जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
जिले में 2474 परीषदीय, 54 वित्तपोषित और करीब 1200 निजी विद्यालय संचालित हैं। इनमें इस वर्ष वार्षिक परीक्षा ऑफलाइन होगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा परीषद के सचिव की तरफ से बीएसए को पत्र भेजा गया है। सचिव की तरफ से बीएसए को भेजे गए पत्र में कहा कि 13 मार्च को कक्षा एक से आठवीं तक के कक्षाओं में पढ़ाई जाने वाले सभी विषयों का प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे। इसका 16 मार्च तक मुद्रण किया जाएगा। 21 मार्च को खंड शिक्षाधिकारी सभी विद्यालयों में प्रश्नपत्रों का वितरण करेंगे।
22 से 27 मार्च तक सभी विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा आयोजित होंगी। परीक्षा संपन्न होने के बाद 28 से 30 मार्च तक परीक्षार्थियों के उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन और परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। 31 मार्च को परीक्षाफल की घोषणा एवं प्रगति रिपोर्ट का वितरण किया जाएगा।
बीएसए विमलेश कुमार ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में ऑफलाइन वार्षिक परीक्षा कराने के लिए शासन की तरफ से पत्र मिला है। परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में जिले के सभी बीईओ को पत्र भेजा जा रहा है। शासन की तरफ से मिले निर्देश का शतप्रतिशत अनुपालन किया जाएगा।