21 लोग कोरोना संक्रमित मिले
तीसरी लहर में अब तक 657 लोग हो चुके हैं संक्रमित
कुशीनगर। जिले में 21 नए लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। बृहस्पतिवार को सर्वाधिक संक्रमित केस खड्डा क्षेत्र में मिले। यहां नौ लोग संक्रमित पाए गए। अब एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 179 है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बृहस्पतिवार की देर शाम बताया कि 3,206 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि 1,998 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 1,977 निगेटिव और 21 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में मोतीचक क्षेत्र से दो, फाजिलनगर से एक, हाटा से एक, तमकुही से दो, कसया से एक, रामकोला सेे एक, पडरौना से एक, कप्तानगंज से तीन और खड्डा क्षेत्र से नौ लोग शामिल हैं। अब जिले में एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 179 है।
सीएमओ ने बताया कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर में छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कोरोना महामारी की तीसरी लहर में 1,23,606 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। इनमें 657 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि 472 लोग स्वस्थ हुए हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 0.53 प्रतिशत और ठीक होने वालों की दर 71.84 प्रतिशत है। सीएमओ ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।