पडरौना। सभी 52 न्यू पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 2012 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। मेले में सांस, त्वचा व मधुमेह के रोगियों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा सर्दी-खांसी और बुखार के भी मरीजों ने मेले में उपचार कराया।
जन आरोग्य मेले में 824 पुरुष, 754 महिला व 434 बच्चों ने पंजीकरण कराया। कुल 2012 मरीजों का मेले में उपचार किया गया। इसमें सांस के 140, पेट के 170, मधुमेह के 154, त्वचा के 264, टीबी के संभावित 22, रक्त अल्पता के दो व उच्च रक्तचाप के 110 मरीजों का उपचार कर उनमें दवाओं का वितरण किया गया। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि मेले में शासन की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। सभी 52 न्यू पीएचसी पर 199 डॉक्टर व 262 पैरा मेडिकल स्टॉफ की तैनाती की गई थी। उन्होंने बताया कि मेले में सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों ने भी उपचार कराया है।