तेंदुआ के हमले में घायल आरती व सीमा ।
- फोटो : KUSHINAGAR
तेंदुए के हमले में बालिका और महिला घायल
खड्डा। तेंदुए के हमले में छह वर्ष की बालिका और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें तुर्कहा सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है। देर शाम तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश में जुट गई।
खड्डा थाना क्षेत्र की ग्राम सभा भैसहां के कोटवा टोला में मंगलवार की शाम काशी निषाद की छह वर्ष की पुत्री आरती घर के बगल में खेल रही थी। तभी अचानक तेंदुआ आ गया और उस पर हमला कर दिया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर उधर से गुजर रही 26 वर्षीय सीमा नाम की एक महिला उसे बचाने के लिए दौड़ी। उसे देखकर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर उसपर हमला कर दिया। दोनों के चेहरे, सिर, कान, पीठ आदि पर जख्मी कर दिया। शोर सुनकर गांववाले डंडा लेकर दौड़े। तब तेंदुआ वहां से भागा। खून से लथपथ दोनों को तुर्कहां सीएचसी ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही हलका एसआई जीतबहादुर यादव पुलिस के साथ पहुंचे और लोगों को सतर्क रहने का सुझाव दिया। तेंदुए को लेकर गांव के लोग दहशत में हैं। खड्डा के वन क्षेत्राधिकारी बीके यादव का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही वह विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।