पूर्वांचल बैंक के 195 कर्मी सम्मानित
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। पूर्वांचल बैंक की विभिन्न शाखाओं के निरीक्षण व ऋण वितरण समेत अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आए बैंक अध्यक्ष व महाप्रबंधक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 195 अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया। बैंक कर्मियों को प्रत्येक खातेदार से मधुर व्यवहार की नसीहत भी दी गई। पूर्वांचल बैंक के अध्यक्ष एके सिन्हा व महाप्रबंधक वीके अग्रवाल ने पडरौना क्षेत्र के रामकोला, पडरौना क्षेत्रीय कार्यालय व कुबेरस्थान शाखा का निरीक्षण किया। इन शाखाओं पर बैंक अदालत का आयोजन भी किया गया। इसमें 19 शाखाओं ने हिस्सा लिया। बैंक अदालत में लोन लेने वाले 18 लोगों के मामलों का 94 लाख रुपये के ब्याज व मूलधन में राहत देते हुए निस्तारण किया गया।
क्षेत्रीय कार्यालय पडरौना में अध्यक्ष एके सिन्हा ने कहा कि पडरौना क्षेत्र में पूर्वांचल बैंक अपनी 53 शाखाओं के माध्यम से 1500 करोड़ रुपये का व्यवसाय कर रहा है। ऋण राहत प्राप्त ऋणियों को 250 करोड़ का ऋण वितरण जिले में 31 जनवरी तक किया जाना है। उन्होंने मिस्ड कॉल सर्विस, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, दुर्घटना बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, अटल पेंशन योजना आदि की भी जानकारी दी। कुबेरस्थान शाखा के नए परिसर के उद्घाटन अवसर पर ऋण वितरण शिविर में अधिकारियों ने ऋणियों को ट्रैक्टर की चाभी व बैंकर्स चेक प्रदान किया। यहां सात शाखाओं ने भाग लिया। इसमें 143 लोगों को 136 लाख का ऋण वितरण किया गया।
शाम को बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर में आयोजित कार्यक्रम में एके सिन्हा ने कहा कि बैंक कर्मियों के समक्ष 31 जनवरी तक जमा वृद्धि, ऋण वृद्धि तथा एनपीए में कमी करने का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है। उन्होंने पडरौना क्षेत्र के कुल 53 शाखाओं के 195 अधिकारियों व कर्मचारियों को विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित भी किया। संचालन पडरौना शाखा प्रबंधक एसपी मिश्र ने किया।