कुशीनगर। करीब छह वर्ष बाद जरार विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई। मुख्यमंत्री के हाथों इस उपकेंद्र का उद्घाटन होने के बाद अभी 12 गांवों को ट्रायल के तौर पर बिजली दी जा रही है। एक सप्ताह के अंदर और भी गांवों को इस उपकेंद्र के जरिए आपूर्ति शुरू शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
विशुनपुरा ब्लॉक के जरार गांव में वर्ष 2010-11 में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया गया था। कोटवा बाजार से जरार तक विद्युत लाइन बिछाई गई थी। विद्युत उपकरणों की गुणवत्ता ठीक न होने के कारण बिजली सप्लाई होते ही फीडर में खराबी आ गई थी। इसके बाद बिजली विभाग ने लगभग छह साल तक इस उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति का प्रयास नहीं किया। हालांकि इस उपकेंद्र को चालू करने के लिए क्षेत्र के लोगों ने कई बार धरना प्रदर्शन और अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
पिछले महीने कुशीनगर में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपकेंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद बिजली विभाग ने सक्रियता दिखाई और खराब उपकरणों को बदलकर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी। अभी कटाई भरपुरवा, जटहां बाजार, जरार, माघी कोठिलवा, बबुइया हरपुर, अरनहवा, चिरइहवा, मोजहिदा, पटेरिया, हिरनही और चिरगोड़ा सहित 12 गांवों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। एसडीओ अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि अभी 12 गांवों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। एक सप्ताह के अंदर अन्य गांवों को भी इस उपकेंद्र से जोड़ दिया जाएगा। उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू होने पर जटहा बाजार के दिलीप रौनियार, जरार के रवींद्रनाथ तिवारी, कटाई भरपुरवा के सरतेज मिश्र, हिरनही के दुर्गेश मिश्र, मोजहिदा के चंद्रमा चौबे सहित कई लोगों ने प्रसन्नता जताई है।