फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एयरपोर्ट से उड़ान में गतिरोध से राजनीतिक माहौल गर्म

Mon, 17 Jun 2019 12:04 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
airport
विज्ञापन
पडरौना/कसया। कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने मेें गतिरोध को लेकर जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। सपा, बसपा के लोग आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहे हैं तो पूर्व सांसद आरपीएन सिंह ने उड़ान न होने को जिले की जनता का अपमान बताया है।
विज्ञापन


इस बीच डीएम ने रविवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कुशीनगर को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए निरीक्षण की कार्रवाई चल रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद इसे टेकओवर करने की सहमति दे दी है।

डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शीघ्र ही भूमि का हस्तांतरण एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को कर दिया जाएगा। छोटी मोटी जो भी बाधाएं उत्पन्न होंगी, उनका भी निराकरण शीघ्र कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट को प्रारंभ करने में कोई तकनीकी कठिनाई नहीं है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
विज्ञापन


पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी के आवास पर में रविवार को हुई बैठक में तरकुलवा के ब्लॉक प्रमुख अभिषेक त्रिपाठी उर्फ राजन ने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट का मामला बहुत ही गंभीर है। इसके लिए सपा सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। 22 जून से आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। यह लड़ाई पूर्व मंत्री की अगुवाई में लड़ी जाएगी। इस एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने तक आंदोलन चलता रहेगा।

बैठक में बलवंत सिंह, मनोज तिवारी, जिला पंचायत सदस्य ऐनुल हक, हबीबुल्लाह अंसारी, प्रभाकर जायसवाल आदि ने भी अपना विचार रखा। अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राजेंद्र यादव व संचालन पूर्व प्रमुख अलाउद्दीन अंसारी ने किया। इस मौके पर सीमा सिंह, श्याम चौहान, जितेंद्र पांडेय, गुलाब रावत, लाखन सिंह, अशोक चौधरी, सोहराब, जयनेंद्र तिवारी, राजू पांडेय, नवीन कुमार यादव, रामचंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।

जनता को किया जा रहा गुमराह : विधायक
कसया। कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट को लेकर विपक्षी दलों की तरफ से आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद रविवार को क्षेत्रीय विधायक भी संवाददाताओं से मुखातिब हुए। विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि विरोधियों के पास कोई मुद्दा नहीं है। वे एयरपोर्ट के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। एयरपोर्ट राज्य व केंद्र सरकार की प्रमुख परियोजना है। शीघ्र उड़ान के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है।

उन्होंने कहा कि उड़ान के लिए एयरपोर्ट अथारिटी ने कंपनी का चयन कर लिया है। रूट तय हो गया है। अब उड़ान पूर्व की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। 14 जून को एयरपोर्ट पर जो टेक्निकल टीम आई थी। वह अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। यदि कुछ कमियां ही हैं तो टीम की रिपोर्ट पर सरकार उसे दुरुस्त करेगी।

एयरपोर्ट चालू कराने में हीलाहवाली का आरोप
कसया। पत्रकारों से बातचीत में अभाविप के पूर्व इकाई अध्यक्ष व श्यामलाल कॉलेज (सांध्य) दिल्ली विश्वविद्यालय के अध्यक्ष किशन कुमार वर्मा ने एयरपोर्ट चालू कराने में हीलाहवाली का आरोप लगाया। कहा कि यहां से जल्द उड़ान शुरू कराने के लिए कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान चलाकर पीएमओ को ज्ञापन दिया जाएगा। एयरपोर्ट को लेकर उठे मुद्दे पर प्रशासन या सरकार को स्पष्ट तरीके से पक्ष रखना चाहिए। जिसमें उड़ान की तिथि होनी चाहिए व हो रहे विलंब की असली वजह भी बताया जाना चाहिए। कहा कि जिला वैसे ही पिछड़ा है, उसमें एयरपोर्ट से उड़ान ही न शुरू हो पाए, यह ठीक नहीं है।

दुदही बाजार में किया प्रदर्शन
दुदही। दुदही बाजार के गांधी चौक पर युवाओं ने रविवार को सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया और चेताया कि यदि इस हवाईअड्डे से उड़ान नहीं हुई तो सत्याग्रह आंदोलन किया जाएगा।
मनोज सिंह ने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए पांच सौ करोड़ रुपये खर्च हो गए हैं। ऐसे में अब उड़ान नहीं होने की बात कही जा रही है। ऐसा कर कुशीनगर की जनता के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले कुशीनगर से बाटलिंग प्लांट हटाकर गोरखपुर में लगाया गया और अब साजिश के तहत एयरपोर्ट को गोरखपुर भेजने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो सत्याग्रह आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इस दौरान मैनुद्दीन शेख, विनोद रौनियार, विवेक मद्धेशिया, कासिम खान, डब्लू मद्धेशिया, राजेश जायसवाल, राजेश कुमार, अमीरुल शेख, फैसल खान, राजन जायसवाल आदि मौजूद रहे।

कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान न होना जनता का अपमान
फोटो के साथ
पडरौना। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने रविवार को कहा कि कुशीनगर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान न होना यहां की जनता का अपमान है। यहां के लोगों के लिए जो बाटलिंग प्लांट स्थापित कराने की कोशिश की गई थी, उसे भाजपा सरकार ने प्रदेश में आते ही गोरखपुर के गीडा में भेज दिया। लोकसभा चुनाव से पहले कुशीनगर एयरपोर्ट से जहाजों का उड़ान का वादा करने वाली भाजपा सरकार पुन: सत्ता में आते ही अपना रंग दिखा दी है।
उन्होंने अमर उजाला से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के बाद एयरपोर्ट को भी गोरखपुर में शिफ्ट करना चाहती है। इसीलिए आनन फानन में एयरपोर्ट के अधिकारियों की टीम भेजकर यह रिपोर्ट लगवा दी कि कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान में सुरक्षा संबंधी खामियां हैं, जो कुशीनगर की जनता का अपमान है। इसे कांग्रेस पार्टी कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी।

कुशीनगर की जनता के साथ सौतेला व्यवहार कर रही भाजपा ः बसपा 
पडरौना। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार कुशीनगर की जनता के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अचानक अनफिट घोषित करना, बापू भवन से एयरपोर्ट की फाइल गायब होना और अब अचानक 600 एकड़ का कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और 50 एकड़ भूमि में बनने वाला कसया इंटरनेशनल बस टर्मिनल भी गोरखपुर में शिफ्ट किया जाना यहां की जनता के साथ धोखा है।

ये बातें बसपा के जिला उपाध्यक्ष शाहिद लारी ने रविवार को कहीं। उन्होंने अपने बयान में रविवार को कहा कि कुशीनगर विश्व प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट है तथा बौद्ध अनुयायियों के लिए आस्था का केंद्र है, लेकिन भाजपा सरकार की मंशा कुशीनगर एयरपोर्ट को चालू करने की नहीं दिख रही है। इसीलिए बीते पांच वर्षों में कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर के लिए भी भाजपा सरकार ने धन मुहैया नहीं कराया।

विरोधियों को भाजपा की भारी जीत नहीं हो रही हजम : सांसद
पडरौना। सांसद विजय कुमार दुबे ने रविवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उनकी भारी बहुमत से जीत विरोधी मानसिकता के लोगों को हजम नहीं हो रही है। उन्होंने पूर्व सांसद का नाम लिए बगैर कहा कि पांच साल के अपने कार्यकाल में जो लोग इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पूर्ण कराकर उड़ान नहीं करा सके, वे आज विरोधी दलों से मिलकर आंदोलन की बात कर रहे हैं।
सांसद ने अपने जारी बयान में कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा और भव्य उद्घाटन भी होगा। मेडिकल कॉलेज भी बनेगा। यही नहीं चीनी मिल भी खुलेगी। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कार्य कब तक पूर्ण होगा, इस बारे में जानकारी 17 जून को सदन शुरू होने के साथ ही उड्डयन मंत्री से मिलकर दे दूंगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें