कुशीनगर। स्वर्गीय मेजर ध्यान चंद हॉकी समिति कुशीनगर की ओर से लीलावती देवी स्टेडियम में आयोजित हॉकी लीग-2017 का फाइनल मैच बुद्ध समाज कल्याण विद्यालय अनिरुद्धवा और लार्ड बुद्धा सीबी नेशनल पब्लिक स्कूल झुंगवा के बीच खेला गया। इसमें बुद्ध समाज कल्याण विद्यालय अनिरुद्धवा 6-4 के अंतर से झुंगवा को हराकर विजेता बना।
बुद्ध समाज कल्याण विद्यालय अनिरुद्धवा के खिलाड़ी संदीप प्रजापति ने पहले हॉफ के पांचवें, दसवें और तेरहवें मिनट में गोल किए। इसके अलावा दूसरे हॉफ में विकास कुशवाहा ने 31वें व 35वें मिनट में दो गोल किए। वहीं सतीश राजभर ने 39 वें मिनट में गोल किया।
जवाब में उतरी लार्ड बुद्धा टीम के वरुण यादव ने पांचवें और पंद्रहवें मिनट पर दो गोल किए। इसके अलावा अखिलेश खरवार ने 30वें और 36वें मिनट पर गोल मारे। इस तरह बुद्ध समाज कल्याण विद्यालय अनिरुद्धवा की टीम 6-4 के अंतर से विजेता बनी।
इसके अलावा प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में कृष्णा क्लब ने ध्यान चंद हॉकी क्लब को 2-1 के अंतर से हरा दिया। इस मैच में कृष्णा क्लब की ओर से कृष्णा गुप्ता ने पहले हॉफ में दो गोल और ध्यान चंद के मृत्युंजय ने एक गोल किया।
विजेता और उपविजेता टीम को थाई मंदिर के प्रबंधक भंते सोनक्रोन ने पुरस्कार और ट्राफी दी। अंत में अतिथियों और खिलाड़ियों के प्रति समिति के सचिव गुड्डू प्रसाद गुप्ता ने आभार ज्ञापित किया। इस मौके पर अंपायर कृष्णा गुप्ता, मंगेश चंद, उद्घोषक जवाहर लाल, अमिताभ त्रिपाठी, स्कोरर गनपति शर्मा, अंबिकेश त्रिपाठी, बुद्धराम मुंशी, विवेक, प्रभुनाथ सिंह, ध्रुव सिंह, अजय कुशवाहा, अभिषेक गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, रीपू गुप्ता, तेज प्रताप पाठक आदि मौजूद रहे।