कुशीनगर। कौशल विकास मिशन के तहत पांच जून को पं. दीनदयाल उपाध्याय रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नौरंगिया में आयोजित होने वाले इस मेले में रोजगार देने के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित मोबाइल कंपनियां और सिक्योरिटी एजेंसियां शामिल हो रही हैं।
यह जानकारी कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक एके मद्धेसिया ने दी। उन्होंने बताया कि कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को इसमें वरीयता दी जाएगी। फीटर, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स में आईटीआई उत्तीर्ण ऐसे पुरुष अभ्यर्थी जिनकी उम्र एक जून 2017 को 22 वर्ष हो तथा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी जिनकी उम्र एक जून 2017 को 20 वर्ष हो, इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त एसआईएस सिक्यूरिटी एजेंसी भी रोजगार मेले में सुरक्षा गार्ड के लिए भर्ती करेगी। हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार के बाद उन्हें नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ पांच जून को सुबह नौ बजे आईटीआई नौरंगिया में उपस्थित होकर पंजीकरण कराना होगा।