कुशीनगर। शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में कुड़वा दिलीपनगर के कुछ लोगों ने बंजर, गड्ढा और नलकूप की जमीन पर अवैध तरीके से बाउंड्री निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया। इससे प्रभावित लोगों ने अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
कुड़वा दिलीपनगर निवासी दीनानाथ श्रीवास्तव, प्रेमलता, संटू चौधरी, लंबू पटेल, सोनू पटेल, दिनेश चौधरी, इकबाल अहमद, शंभू लाल, हेमलता देवी, अंकित श्रीवास्तव, कमलकांत पटेल, जयप्रकाश कुशवाहा, सुनील कुमार, गणेश प्रसाद, प्रेम सागर आदि का कहना था कि गांव की बंजर भूमि, गड्ढा और नलकूप की भूमि पर कुछ लोग चारो तरफ से बाउंड्री निर्माण करा रहे हैं। पीड़ित पक्ष के लोगों को कहना था कि बीते शुक्रवार को एसडीएम ने एसओ को मामला सुलझने तक निर्माण बंद करवाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद रात में निर्माण कार्य कराया गया। इस बीच जांच-पड़ताल करने के लिए हलका लेखपाल ने शनिवार को फिर से मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। लोगों का कहना था कि 10 वर्ष पूर्व भी इन स्थलों पर बाउंड्री कराई जा रही थी, जिसे तत्कालीन डीएम के आदेश पर तोड़ दिया गया था। इस संबंध में एसडीएम कसया श्रीप्रकाश शुक्ल का कहना है कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। रविवार को टीम को मौके पर भेजकर मामले का निस्तारण कराया जाएगा।