पडरौना। शनिवार को जिले के सभी 17 थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। राजस्व व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस दिवस में भी अधिकांश मामले अगली कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिए गए। थाने में 13 मामलों का ही निस्तारण हो सका।
कसया कार्यालय के अनुसार डीएम शंभु कुमार की अध्यक्षता में लगे समाधान दिवस में राजस्व के पांच व पुलिस से संबंधित आठ मामले प्रस्तुत हुए। इनमें से राजस्व के तीन व पुलिस के दो मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष मामलों में संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान एसपी राजू बाबू सिंह, एसडीएम श्री प्रकाश शुक्ल, सीओ राघवेन्द्र चतुर्वेदी, प्रभारी एसओ डीएन सिंह, घनश्याम शुक्ल, ब्रजेशमणि, अरविंद मणि, निलेश रंजन राव, उमेश कुमार, संजय सिंह, रहमतुल्लाह, रमांशकर यादव आदि मौजूद रहे। पटहेरवा प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम तमकुहीराज विपिन सिंह व सीओ जनार्दन तिवारी की मौजूदगी में शुरू हुए समाधान दिवस में कुल 20 मामले प्रस्तुत हुए जिनमें से छह का निस्तारण हुआ। सुनवाई के लिए 20 मामलों में सात पुलिस के तथा 13 राजस्व से संबंधित थे।
कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम सदर संजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 23 मामले आए जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सुनवाई के लिए आए मामलों में 14 राजस्व विभाग के तथा नौ पुलिस से संबंधित थे। पुलिस के एक तथा राजस्व विभाग के दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। राजस्व विभाग के शेष 12 मामलों की मौके पर जांच कर निस्तारण करने के लिए राजस्व निरीक्षक तथा लेखपाल को निर्देशित किया गया। पुलिस विभाग के शेष आठ मामलों की जांच के लिए एसओ को निर्देशित किया गया।इस मौके पर सीओ सदर श्रीश चन्द्र, प्रभारी एसओ आशुतोष कुमार, एसआई सदानंद यादव, सजनू यादव, लेखपाल राधाचरण सहित कई कर्मचारी व फरियादी मौजूद थे।