जूनियर हाईस्कूल परिसर पडरौना में नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालय के खेल कूद प्रतियोगिता में दौड़ लगाते छात्र ।
- फोटो : अमर उजाला
तुर्कपट्टी। तमकुही ब्लाक के न्याय पंचायत बसडीला पांडेय के पूर्व व प्राथमिक विद्यालय के परिसर में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में 20 स्कूलों के करीब 130 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बसडीला की टीम ओवरऑल चैंपियन रहीं।
कबड्डी प्रतियोगिता में बालक और बालिका के जूनियर वर्ग में बसडीला पांडेय विजेता तथा बरवां सुकदेव उपविजेता घोषित किया गया। 100 तथा 200 मीटर की जूनियर बालिका दौड़ में सरफुन और अनीता विजयी हुईं। बालक वर्ग में बरवां के राजीव चौहान विजयी रहे। प्राथमिक स्तर की लंबी कूद में विजय कुमार अव्वल रहे।
400 मीटर की दौड़ में बसडीला के मुहम्मद कैफ ने सभी को पीछे छोड़ मेडल हासिल किया। सभी विजेताओं को शिक्षक नेता देवेंद्र ओझा, अमरनाथ यादव, शंभू यादव व ग्राम प्रधान फुलेना यादव ने मेडल और शील्ड देकर पुरस्कृत किया। इसके पूर्व खेल का शुभारंभ बीईओ अजय तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर व प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्राथमिक विद्यालय बसडीला पांडेय की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना तथा बरवां की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बीईओ ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। इससे बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इस दौरान मानवेंद्र नाथ तिवारी, रामाश्रय वर्मा, आनंद सिंह, हीरालाल प्रसाद, इंदिरा सिंह, प्रियंका श्रीवास्तव, संगीता यादव, अनीता सिंह, प्रिया, पूनम आदि मौजूद रहे।