जिला स्टेडियम में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में उपस्थित प्रतिभाग।स्रोत-सोशल मीडिया
जिला स्टेडियम में हुए ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मिला मौका, गोरखपुर में दिखाएंगी दमखम
पडरौना। जिला स्टेडियम में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय ट्रायल के बाद मंडल स्तरीय बालिका कबड्डी टीम के लिए 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब गोरखपुर में होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। इसके लिए खिलाड़ी स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रही हैं।
उपक्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर नीतू गुप्ता, निशा चौहान, रितु कुमारी, वंदना मद्धेशिया, सोनाली प्रजापति, सबीना, निशा साहनी, निशा सिंह, अंजली कुमार, परी कन्नौजिया, अन्नू और नेहा का चयन किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी चयनित खिलाड़ी गोरखपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के क्रीड़ांगन में आयोजित मंडल स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेंगी। वहां बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ी ट्रायल की तैयारी के लिए कबड्डी के दांव-पेच, रक्षात्मक तकनीक और आक्रमण की रणनीति का अभ्यास कर रही हैं। प्रशिक्षकों और वरिष्ठ खिलाड़ियों की ओर से उन्हें जरूरी सुझाव भी दिए जा रहे हैं।