पकवा इनार। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के चहारदीवारी से बाहर सटे दुकान संचालकों ने सोमवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रख एसडीएम को पत्र सौंपकर मदद की गुहार लगाई। दुकानदारों का कहना कि दुकान चलाकर ही परिवार की परिवरिश करते हैं। दुकानें हटाने से बेरोजगार हो जाएंगे। उनकी दुकानें हटाए जाने पर दूसरे विकल्प का प्रबंध किया जाना चाहिए।
बुद्ध पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर विनोद मोहन मिश्र और सचिव वीरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने गोरखपुर में 17 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कालेज के छात्रावास व अन्य भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार कर लिया। राजस्व विभाग ने बीते दिनों छात्रावास की भूमि की पैमाइश कर अतिक्रमण वाले गाटों को चिह्नित किया है। वहीं कालेज गेट के सटे चहारदीवारी के पास संचालित दुकानदारों की सूची नगरपालिका परिषद कुशीनगर ने तैयार की थी। जिसमें संचालित दुकानों को हटाया जाना है।
मामले में सोमवार को दुकानदार धीरज सिंह, शुभम शर्मा, नागसेन, अशोक कुमार, हरिओम सिंह ने एसडीएम डा. संतराज सिंह बघेल को पत्र सौंपा। दुकानदारों ने कहा है कि कोई पक्का निर्माण नहीं किया जाएगा। कालेज की व्यवस्था को प्रभावित नहीं किया जाएगा। दुकानदारों ने जीविकाेपार्जन का सिर्फ दुकान ही माध्यम बताया है। उन्होंने दुकान हटाने की स्थिति में दूसरी दुकानें मुहैया कराए जाने की गुहार लगाई है। दुकानदार धीरज सिंह ने कहा कि चहारदीवारी से सटीं 10 दुकानें हैं।
कालेज प्राचार्य प्रोफेसर विनोद मोहन मिश्र ने कहा कि कालेज की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई गई है। निर्णय प्रशासन को ही लेना है।
नगरपालिका की ईओ अंकिता शुक्ला ने कहा कि अतिक्रमण की जद में आने वाले दुकानदारों के नामों की सूची तैयार की गई है। प्रशासन से अनुमति के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।