बोलेरो की चपेट से एक की मौत, चार घायल
प्राथमिक उपचार के बाद घायल जिला अस्पताल रेफर
रामकोला-कसया मार्ग पर धनौजी व बलुआ के निकट हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। थानाक्षेत्र के कसया मार्ग पर धनौजी गांव के समीप बुधवार की रात करीब आठ बजे अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से एक बाइक सवार घायल हो गया। इसके अलावा बलुआ चौराहे पर इसी बोलेरो की चपेट से दो अन्य बाइक पर सवार चार लोग घायल गए। सभी घायलों को रामकोला सीएचसी ले जाया गया जहां एक व्यक्ति को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शेष चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कसया थाने के गांव करहिया निवासी सुभाष यादव (42) बाइक से रामकोला से अपने गांव जा रहे थे। रामकोला- कसया मार्ग पर कसया की ओर से आ रही बोलेरो ने धनौजी गांव के मोड़ पर सुभाष यादव की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में सुभाष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक तेजी से गाड़ी लेकर भागने लगा। रामकोला नगर के बलुआ मोड़ पर अपनी रिश्तेदारी की दो महिलाओं को कसया थाने के गांव बकनहा पहुंचाने जा रहे रामकोला थाना क्षेत्र के पटखौली निवासी रामअवध यादव की बाइक में इस बोलेरो ने ठोकर मार दी। ठोकर इतना तेज था कि रामअवध बाइक से हवा में उछल गए। बाइक पर पीछे बैठीं बकनहा निवासी राजकुमारी (30) व निर्मला (32) घायल हो गईं। रामअवध की बाइक पीछे आ रहे बकनहा निवासी विशाल यादव (16) की बाइक से टकरा गई। इससे विशाल भी घायल हो गए। दुर्घटना में घायल सुभाष यादव, रामअवध, राजकुमारी, निर्मला व विशाल को रामकोला सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने रामअवध को मृत घोषित कर दिया। शेष चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बोलरो चालक रामकोला कस्बे में गाड़ी खड़ाकर भाग निकला। रामकोला पुलिस ने गाड़ी कब्जे में ले लिया है।
हादसे में मृत रामअवध रामकोला के त्रिवेणी चीनी मिल की तरफ से संचालित अस्पताल में फर्मासिस्ट थे। जानकारी होने पर मिल के प्रबंधक अनिल कुमार त्यागी, कारखाना प्रबंधक मानवेंद्र राय, आईटी हेड केके पांडेय, चीफ केमिस्ट विजय प्रताप सिंह समेत चीनी मिल के तमाम कर्मचारी रामकोला सीएचसी पहुंचे थे।