प्रतापगढ़ के सीओ कुंडा जियाउल हक की हत्या के मुख्य आरोपी योगेन्द्र यादव उर्फ बबलू के खिलाफ सीबीआई जल्दी ही एक और मुकदमा दर्ज करा सकती है।
यह मुकदमा बबलू के खिलाफ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुद को नाबालिग साबित करने की कोशिश करने के लिए ठहराया जा सकता है।
सीबीआई बबलू को जल्दी ही रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि कुछ और महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सके।
दो मार्च को हुई सीओ कुंडा जियाउल हक की हत्या में सीबीआई ने बबलू को मुख्य आरोपी पाया था। बबलू ने खुद को नाबालिग बताते हुए कोर्ट में दसवीं की मार्कशीट और प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे।
करीब ढाई महीने तक किशोर न्याय बोर्ड के सामने चली सुनवाई में यह सामने आया कि बबलू ने फर्जी मार्कशीट के आधार पर खुद को नाबालिग होने का दावा किया था।
सीबीआई की जांच में सामने आया कि उसके शैक्षिक दस्तावेजों में काफी हेर-फेर किया गया था। बुधवार को न्याय बोर्ड ने सुनवाई केबाद उसे बालिग घोषित कर दिया।
अब सीबीआई उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेजों, कूट रचना केलिए धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इसके बाद सीबीआई उसे रिमांड पर लेने केलिए भी कोर्ट में अपील दायर करेगी।