आगरा के कश्मीरी बाजार में मिली लाश कोलकाता की एक युवती की थी। उसे नौकरी का झांसा देकर आगरा लाया गया और कोठे पर बेच दिया गया था।
युवती ने इसकी जानकारी मोबाइल से मैसेज भेजकर अपने मित्र को दी थी।
पश्चिम बंगाल से आए उसके मित्र ने गुरुवार को उसकी शिनाख्त कर ली। इसके बाद कश्मीरी बाजार स्थित दो कोठों पर छापा मारकर पुलिस ने पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता के थाना बारानागर के निरंजन सेन नगर निवासी एक युवती 30 अप्रैल को घर से लापता हो गई। उसके पिता ने सात मई को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
उन्होंने पुलिस को बेटी द्वारा आगरा से भेजे गए मैसेज की भी जानकारी दी थी। मैसेज में उसे कोठे पर बेचे जाने का जिक्र था। इसके बाद कोलकाता पुलिस पिछले तीन दिनों से आगरा में युवती की तलाश कर रही थी।
मैसेज के आधार पर युवती के बिजली घर स्थित पन्नी गली में युवती के होने की आशंका थी। पूछताछ में सटीक जानकारी हासिल नहीं होने पर पुलिस ने बुधवार की रात एसएसपी से मुलाकात की।
मोबाइल नंबरों की जांच आगरा पुलिस ने की तो एक नंबर शहीदनगर निवासी जमीला का निकला।
गुरुवार सुबह पुलिस ने छापा मारकर जमीला और कुमार लामा को पूछताछ के लिए उठा लिया। उनसे पता चला कि सिम ऊषा चला रही थी। जब उषा के घर पुलिस गई तो वह गायब मिली।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही थी तभी वहां पहुंचे कुछ पत्रकारों बताया कि पिछले दिनों एक युवती की लाश कश्मीरी बाजार में मिली थी। इस जानकारी पर कोलकाता पुलिस छत्ता थाने पहुंची।
वहां कश्मीरी बाजार में मिली युवती की लाश का फोटो देखते ही बंगाल पुलिस के साथ आए युवती के दोस्त ने शिनाख्त कर ली। लाश से मिली अंगूठी को भी उसने युवती का बताया।
जिस मोबाइल से मैसेज किया गया था वह भी मृतका का निकला। इसके बाद छत्ता पुलिस ने कश्मीरी बाजार में जरीना के कोठे पर छापा मारा। यहां से पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।