झारखंड की महिला ने पुलिस से शिकायत कर एक युवक पर 70 हजार रुपये में उसे खरीदकर बेहोशी की हालत में जबरन शादी रचा घर में रखने का आरोप लगाया। पुलिस ने उसे पानीपत में उसके रिश्तेदारों के पास भेज दिया है।
कांधला थाने पहुंची झारखंड निवासी महिला ने आरोप लगाया कि मंगलवार की रात एक गांव का युवक पानीपत से उसे सत्तर हजार रुपये में खरीदकर लाया।
महिला का आरोप है कि उक्त युवक ने बेहोशी की हालत में उससे रात में शादी कर ली।
गुरुवार सुबह जब उसे होश आया, तो वह गांव में थी। उसने पुलिस को बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह उनका पालन-पोषण करने के लिए मजदूरी करने अपने परिचित के साथ एक सप्ताह पूर्व पानीपत आई थी।
आरोप है कि मंगलवार कि रात उसे बेहोशी की दवाई देकर एक युवक के हाथ बेच दिया गया। महिला ने बताया कि सुबह होश आने पर उसने युवक से यहां लाने के बारे में पूछा। इस पर उसने बताया कि अब वह उसकी पत्नी है।
महिला ने बताया कि किसी तरह उसके बंधन से मुक्त होकर निकली। आरोपी युवक और उसके परिजनों ने उसे बाजार में पकड़ लिया, लेकिन लोगों ने उसे छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी।
आरोपी युवक और उसके परिजन भी थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखे।
एसओ कांधला ने बताया कि महिला की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। इस कारण महिला को पानीपत में रहने वाली उसकी बहन के पास भेज दिया जाएगा।