बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल
करारी कोतवाली के सैदनपुर के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सैदनपुर मोड़ के समीप शनिवार दोपहर बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके साथ रहा पिता व दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। राहगीरों ने पुलिस को हादसे की खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रयागराज के गयासुद्दीनपुर मुंडेरा निवासी आशीष कुमार चतुर्वेदी (32) कौशाम्बी विकास खंड क्षेत्र में निजी अस्पताल का संचालन करता था। शनिवार दोपहर आशीष कुमार अपने पिता रमाशंकर चतुर्वेदी के साथ बाइक से मंझनपुर जा रहा था।जैसे ही वह लोग सैदनपुर मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार हिसामबाद गोपसहसा निवासी विकास से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस सभी को अस्पताल ले जाती, इससे पहले सीने व नाक में चोट ज्यादा होने के कारण आशीष की मौत हो गई। विकास व रमाशंकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आशीष के परिजनों को खबर देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।