सैनी कोतवाली के नादेमई गांव के समीप बाइकों की आमने-सामने से हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली के टांडा गांव निवासी सुरेश कुमार (45) की बहन श्यामा की शादी नौहाई गांव में हुई है। शनिवार शाम श्याम अपनी बेटी शिखा व देवर श्री प्रकाश के साथ अजुहा आई थी। सुरेश बाइक लेकर बहन को बुलाने गया था।
अजुहा से वह एक बाइक पर बहन, भांजी और बहन के देवर को बैठाकर घर लौट रहा था। नादेमई गांव के समीप फतेहपुर घोष निवासी बाइक सवार अंकित से उसकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना में सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में श्यामा, शिखा, श्री प्रकाश और दूसरे बाइक पर सवार अंकित गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।