पिपरी कोतवाली इलाके के कसेंदा गांव के समीप शनिवार को एक विवाहिता अचेत अवस्था में मिली। विवाहिता जहां पर पड़ी थी वहीं पास में शराब की खाली बोतल व गिलास भी थी। विवाहिता के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि विवाहिता मानसिक रूप से बीमार है। वह अक्सर शराब पीकर ऐसी हरकतें करती रहती है।
सरायअकिल इलाके के एक गांव में ब्याही महिला कसेंदा के समीप बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता का मुंह धुलाया तो वह होश में आई। विवाहिता को इलाज के लिए पहले चायल के एक अस्पताल ले जाया गया।
जहां से उसे सरायअकिल भेज दिया गया। चर्चा रही कि महिला अपने एक परिचित टेंपो चालक के साथ कसेंदा तक आई थी। वह अपनी ननद के घर सेवढ़ा जाने के लिए निकली थी। टेंपो में चालक के अलावा उसके दो साथी भी थे। विवाहिता के साथ शराब के नशे में अनहोनी की आशंका जाहिर की जा रही थी।
एसपी राधेश्याम विश्वकर्मा का कहना है कि विवाहिता का पति आया है। उसने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार रहती है। उसका इलाज प्रयागराज के अस्पताल में चल रहा है। वह अक्सर घर से गायब हो जाती है और शराब भी पी लेती है।