138 बूथों की वेब कास्टिंग कराई जाएगी। यह बूथ ऑनलाइन होंगे। यहां की एक-एक गतिविधि को आयोग देखेगा। इन बूथों की वेब कास्टिंग सहज जन सेवा केंद्रों के प्रभारी करेंगे। इनको आयोग की ओर से टैबलेट व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। एडीएम और ई-डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर ने सहज जन सेवा केंद्र प्रभारियों को बुलाकर इसकी जानकारी दी।
सहज जन सेवा केंद्र प्रभारियों को इस विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी मिलने जा रही है। कंप्यूटर की जानकारी से यह केंद्र प्रभारी सक्षम हैं, इसलिए इनसे चुनाव में वेब कास्टिंग कराई जाएगी। जनपद में सहज जन सेवा केंद्रों के 350 प्रभारी हैं। इसके अलावा 11 लोक वाणी केंद्र प्रभारी और कॉमन सर्विस सेंटर के प्रभारी हैं। सोमवार को इन केंद्रों के प्रभारियों के साथ एडीएम राकेश श्रीवास्तव, ई-डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर कीर्ति कुमार ने बताया कि चुनाव में उन्हें वेब कास्टिंग करनी है। सभी लोगों का सूची में नाम शामिल कर लिया गया है। बेहतर काम करने वाले को चुनाव ड्यूटी में लगाया जाएगा। बताया कि वेब कास्टिंग के लिए आयोग की ओर से ही सारे संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।
इसके लिए आयोग ने एक संस्था भी चयनित कर रखी है। यही संस्था प्रभारियों को टैबलेट आदि देगी। इसके अलावा संस्था की ओर से उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। वेब कास्टिंग करने की सारी जानकारी उन्हें दी जाएगी। बताया कि 138 बूथों की वेब कास्टिंग होगी। इसके अलावा दस फीसदी लोग रिजर्व रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इनको संबंधित मतदान केंद्र में संसाधन के साथ वेब कास्टिंग के लिए भेजा जाएगा। कहा कि सूची फाइनल होते ही प्रभारियों को आईकार्ड भी दिया जाएगा, ताकि उनको किसी तरह की दिक्कत न हो।