कौशाम्बी में आकाशीय बिजली कड़कने के बाद वाशिंग मशीन ब्लास्ट हो गया। लोहे का टुकड़ा चेहरे पर लगने से कोटेदार लहूलुहान हो गया। घटना के बाद परिवार में खलबली मच गई।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुर तेवारा गांव में मंगलवार की रात वाशिंग मशीन तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हो गया। लोहे का टुकड़ा धंसने से उसके पास खड़ा कोटेदार घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब बारिश के दौरान तेज आवाज के साथ बिजली कड़क रही थी। इसी दौरान वाशिंग मशीन में शार्ट सर्किट के बाद आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते वह ब्लास्ट हो गया।
विज्ञापन
गोविंदपुर तेवारा गांव निवासी लालचंद्र कोटेदार हैं। लालचंद्र के मुताबिक मंगलवार की रात बारिश के दौरान आंगन से निकलने वाली नाली चोक हो गई थी। आंगन में बारिश का पानी भर गया था। पानी बरामदे में रखा सरकारी राशन तक पानी पहुंच गया था। पानी निकालने के लिए वह नाली को साफ कर रहे थे।
इसी बीच आकाशीय बिजली कड़कने के बाद घर के अंदर शार्टसर्किट से वाशिंग मशीन में आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते वाशिंग मशीन ब्लास्ट हो गई। हादसे में मशीन का लोहे का एक टुकड़ा छिटक कर उनके चेहरे पर लग गया। जिसमें वह लहूलुहान हो गए। ब्लास्ट की आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके आ गए। उन्होंने बिजली काट कर आग पर काबू पाया। उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया।