चायल के लाल बहादुर शास्त्री मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं का सूची में नाम देखती महिला कर्मचारी
- फोटो : KAUSHAMBI
विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को हुई वोटिंग निराशाजनक रही। प्रारंभिक उत्साह के साथ शुरू हुआ मतदान अंतत: औंधे मुंह गिर गया। आखिरी दौर में तो ऐसा लगा जैसे वोटर घर से निकले ही नहीं। नतीजतन आंकड़ा 59.56 फीसदी के आसपास सिमट गया।
मतदान के लिए सुबह से ही बूथों पर वोटरों की लाइन लग गई थी। नतीजतन नौ बजे तक तीनों विधानसभा में 11.40 फीसदी पड़ गए। यह सिलसिला नौ से 11 और फिर 11 से एक बजे तक जारी रहा। दोपहर एक बजे 37.23 फीसदी वोटिंग होने के साथ ही लगने लगा था कि अब 65 प्रतिशत वोट तक पड़ेगा। लेकिन, दिन ढलने के साथ ही वोटरों का उत्साह भी गिरता नजर आया।
एक से तीन बजे 48.70 व तीन से पांच बजे तक 57.01 फीसदी मतदान हो सका। यहां तक भी लोगों को उम्मीद थी आंकड़ा 60 पर कर जाएगा। लेकिन आखिरी एक घंटे में मतदाताओं ने खामोशी अख्तियार कर ली। शाम छह बजे बेहद निराशाजनक माहौल में मतदान की समाप्ति हुई। आखिरी घंटे में सिर्फ 2.55 प्रतिशत वोटर ही घर से निकले। नतीजतन जनपद फर्स्ट डिवीजन पास होने से चूक गया।
मंझनपुर व सिराथू फर्स्ट डिवीजन पास, चायल के वोटरों ने बिगाड़ा खेल
मतदान को लेकर जिले के मंझनपुर व सिराथू विधानसभा के वोटरों में तो गजब का उत्साह रहा। दोनों विधानसभाओं के वोटर मतदान में फर्स्ट डिवीजन पास हो गए। मंझनपुर में सर्वाधिक 60.53 व सिराथू में 60.05 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, चायल के वोटर सुबह से सुस्त रहे। यहां शाम तक घिसटते-घिसटते 58.20 फीसदी वोटर ही बूथ तक पहुंचे। माना जा रहा है कि चायल के वोटरों की सुस्ती ने ही पूरा खेल बिगाड़ दिया।
2017 में किस सीट पर कितना पड़ा था वोट
मंझनपुर-61.00 प्रतिशत
सिराथू-59.00 प्रतिशत
चायल-55.00 प्रतिशत
कुल मतदान-58.40 प्रतिशत
करारी मतदान केंद्र में वोट करके लौटते महिलाएं- फोटो : KAUSHAMBI