बेतहाशा बिजली कटौती से परेशान कादिलपुर गांव के ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने गांव में ही सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और विभागीय अधिकारियों को बुलाकर समस्या का निस्तारण कराने की मांग की।
दोआबा में इन दिनों बिजली कटौती गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीण इलाकों में बेतहाशा बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। लोगों के मुताबिक रातों की नींद और दिन का चैन बिजली कटौती ने छीन रखा है। इससे हर गांव में ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। पिपरी इलाके के मंदर पॉवर हाउस से संबद्ध कादिलपुर गांव के सतीश कुमार, अखिलेश भारतीय, सतपाल, प्रह्लाद, मून्नू लाल, भैया लाल, संतोष कुमार, मध्यान्ह कुमार, प्रदीप कुमार, मंजीत कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने लामबंद होकर शुक्रवार को गांव में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने जेई और एसडीओ पर आरोप लगाया कि मंदर विद्युत उपकेंद्र से उनके क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में मनमानी की जाती है। जबकि, बिजली का बिल बराबर आ रहा है। शासन के निर्देश के बाद भी गांव में 18 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीण इलाकों में महज पांच घंटे ही बिजली आपूर्ति की जाती है। इससे लोगों को पानी और बिजली के लिए परेशान होना पड़ता है। ग्रामीणों ने जेई और एसडीओ को गांव बुलाकर समस्या का निस्तारण कराने की मांग की है।
बिजली चोरी करने में आठ पर केस
विद्युत उपकेंद्र कमालपुर के अंतर्गत अफजलपुर सातों गांव के मजरा घोसियाना में जेई महेंद्र नाथ की अगुवाई में शुक्रवार को सघन अभियान चलाया गया। बिजली विभाग की टीम की दस्तक जैसे ही गांव में हुई लोगों में अफरातफरी मच गई। अभियान के दौरान 10 हजार के ऊपर के नौ बकाएदारों के घरों की बत्ती गुल की गई।
वहीं, मीटर बाईपास व बिना कनेक्शन के बिजली प्रयोग कर रहे आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। जेई महेंद्रनाथ ने अभियान के दौरान लोगों से बकाया बिल जल्द से जल्द जमा करके बिजली प्रयोग करने की अपील की। टीम में दिनेश चौरसिया, सूर्यप्रकाश विश्वकर्मा, भीम निषाद, सतीष साहू आदि बिजली कर्मी शामिल रहे।