चायल स्थित लाल बहादुर शास्त्री मतदान केंद्र का जायजा लेते निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार व एसपी
- फोटो : KAUSHAMBI
विधान सभा सिराथू के सरैया मजरा रामपुर धमावां गांव में रविवार शाम पोलिंग समाप्त कराकर लौट रही पार्टी को ग्रामीणों ने घेर लिया और हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि यहां लगी ईवीएम हैक की गई थी। वह लोग साइकिल का बटन दबा रहे थे, लेकिन वीवीपैट पर कमल का निशान दिख रहा था। सूचना पर पहुंचे सीओ सिराथू योगेंद्र कृष्ण नारायण ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
सरैया गांव में यादव बिरादरी की बस्ती है। पोलिंग समाप्त कर जैसे ही पार्टी स्ट्रांग रूम के लिए रवाना हुई तो गांव के लोग एकजुट होकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने ईवीएम हैक किए जाने का आरोप लगाया। गांव के लोग दोबारा मतदान की मांग कर रहे थे। पोलिंग पार्टी को जबरन रोके जाने की खबर पुलिस महकमे को मिली तो हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ सिराथू योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह, सैनी इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह समझा-बुझाकर पोलिंग पार्टी को स्ट्रांगरूम के लिए रवाना किया।