इमामगंज चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी
- फोटो : KAUSHAMBI
खड़ी रही यूपी-1कोखराज कोतवाली के इमामगंज स्थित कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरों ने साढ़े चार लाख रुपये कीमत की शराब पार कर पुलिस को खुली चुनौती दी। घटना के वक्त दुकान के पास यूपी-112 की वैन हाईवे किनारे अपनी संकेतक लाइट (लपलप) जलाए खड़ी थी। इसके बाद भी घटना को चोर अंजाम देकर निकल गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकान के सेल्समैन ने पुलिस को तहरीर दी है।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे किनारे इमामगंज चौराहे के पास अंग्रेजी शराब की दुकान है। रोज की तरह सोमवार रात 10 बजे सेल्समैन धर्मेंद्र कुमार दुकान बंद कर घर चला गया। इसके बाद सुबह पड़ोसियों से पता चला कि उसकी दुकान का शटर टूटा है। चोर दुकान के अंदर रखी शराब उठा ले गए हैं। जानकारी मिलने के बाद धर्मेंद्र दुकान पहुंचा और पुलिस को खबर दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
धर्मेंद्र के मुताबिक चोरों ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ डाला। हालांकि, रात डेढ़ बजे तक कैमरा चालू था। इसके बाद पड़ोसी के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी चोरों की लोकेशन मिल रही है। धर्मेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर उसकी दुकान से करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत की शराब ले गए हैं। पड़ोसी के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि रात 2.5 बजे तक पीआरवी (यूपी-112) की लोकेशन दुकान के पास ही थी। इसे लेकर इलाके में खासी चर्चा है।
दुकान से शराब पिकअप में लादकर ले जाई गई है। पहले भी यहां घटना घटना हो चुकी है। मैनेजर की भूमिका संदिग्ध लग रही है। रहा सवाल पीआवी का तो वह घटना स्थल से कुछ दूरी पर थी। मामला अफसरों के संज्ञान में डाला गया है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गणेश प्रसाद सिंह-कोतवाल, कोखराज