चरवा कोतवाली क्षेत्र के मलाक मोहिउद्दीनपुर गांव स्थित जीटी रोड पर रविवार रात निमंत्रण में शामिल होने जा रहा बाइक सवार सेल्समैन डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर गिर गया। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद मुंजप्ता गांव के मजरा सल्लहा निवासी अरविंद कुमार सरोज ( 25) पुरखास गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। रविवार शाम वह निमंत्रण में शामिल होने के लिए अपनी चाची को लेकर बाइक से प्रयागराज के बेगम बाजार गया था।
रात करीब नौ बजे वहां से वह अपनी चाची को छोड़कर दूसरे गांव मलाक मोहिउद्दीनपुर निमंत्रण में शामिल होने के लिए जा रहा था। रास्ते में महगांव स्थित जीटी रोड पर उसकी बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा कर अनियंत्रित हो गई। इससे अरविंद सड़क पर गिर गया। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने अरविंद को कुचल दिया।
हादसे में अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची महगांव चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी पर बदहवास परिजन रोते-बिलखते हुए घटनास्थल पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।