Uncontrolled truck overturns in canal on highway, driver dies, clerk serious
- फोटो : KAUSHAMBI
सैनी कोतवाली के गुरुकुल के समीप सोमवार सुबह कानपुर से वराणसी जा रहा पाइप लदा ट्रक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में गंभीर रूप से जख्मी चालक को पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की वजह से नेशनल हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति रही।
अलीगढ़ जिले के रुस्तमपुर कोराह गांव निवासी सुशील सिंह (32) ट्रक चालक था। वह कानपुर के रनिया से हैंडपंप का पाइप लादकर वाराणसी जा रहा था। चालक के साथ बुलंदशहर के मैना कलंदर गढ़ी निवासी खलासी साकिर अली भी था। सुबह करीब छह बजे जैसे ही ट्रक गुरुकुल के समीप पहुंचा अचानक अनियंत्रित होकर नहर पुल से नीचे जा गिरा।
हादसे में सुशील की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि खलासी को काफी चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी खलासी को अस्पताल भेजा। सूचना पर एसडीएम सिराथू विनय गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक की पहचान कराने के बाद उसके घरवालों को खबर दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराकर आवागमन बहाल कराया।