पिपरी कोतवाली के मकनपुर गांव में बुधवार की शाम को पति के साथ घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बेकाबू बाइक पलटने से हुआ है। पोस्टमार्टम कराए बगैर ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
फुलवा गांव निवासी फूलकली (52) बुधवार को पति के साथ बाइक से सैयद सरावां गांव में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गईं थीं। शाम करीब पांच बजे दंपती घर लौट रहे थे। रास्ते में मकनपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में फूलकली बाइक के नीचे दब गईं और उनके सिर में गंभीर चोटें आ र्गइं।
मौके पर रहे लोगों ने घायल महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात तक फूलकली की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बृहस्पतिवार दोपहर परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया।