राजूपाल हत्याकांड का शूटर है फरार, सीबीआई ने चस्पा किया कुर्की का नोटिस
राजू पाल हत्याकांड की सीबीआई जांच में सरायअकिल के भखंदा निवासी अब्दुल कवि का नाम प्रकाश में आया। अब्दुल कवि माफिया अतीक का शूटर बताया गया है। हालांकि वह अपने बीवी-बच्चों सहित करीब 15 साल से गांव नहीं आया। यहां उसके भाई आदि रहते हैं। करीब 10 दिन पहले सीबीआई ने अब्दुल कवि के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। बताया जाता है कि अब्दुल कवि प्रयागराज में ही कहीं नाम बदलकर रह रहा है।
पश्चिमशरीरा इलाके में भी हलचल
इलाके में मंगलवार शाम तीन लग्जरी गाड़ियों से कुछ लोग आए थे। यह लोग पहले पश्चिमशरीरा कस्बे के समीप उतरे और बिना किसी से कुछ बातचीत किए इधर-उधर घूमते रहे। बाद में सभी लोग गाड़ियों से महेवाघाट की तरफ चले गए। चर्चा रही कि एसटीएफ की टीम ने इलाके में काबिंग की है। लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
कोइलहा में चल चुका बुलडोजर
एंटी माफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार ने जब अभियान चलाया तो जिले के कोइलहा में भी अतीक की बेशकीमती जमीन पर बुलडोजर चला था। इस जमीन पर भी अवैध तरीके से प्लाटिंग की जा रही थी। जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में बताई गई थी।