प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण की उज्जवला योजना के तहत गुरूवार को हजारों बीपीएल परिवारों में नि: शुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए। योजना के तहत जिले के लगभग एक लाख गरीब परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा।
जिला मुख्यालय स्थित ओसा मंडी में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी के तत्वाधान में उज्जवला योजना के तहत आयोजित नि:शुल्क गैस वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। अगुवाई कर रहे सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तीकरण के लिए योजना का क्रियान्वयन किया है। जिसे जिले में आज अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इस योजना के तहत जिले में एक लाख इक्कीस हजार नौ सौ बत्तीस गरीब परिवारों को लाभांवित कराया जाएगा।
अपनी बात रखते भाजपा नेता एव चेयर मैन भरवारी संजय गुप्ता ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजना है कि 2022 तक में जिले अधिकतर गरीब परिवारों को एक अदद छत मुहैया जरूर करा दी जाएगी। साथ ही मुद्रा श्रण योजना के तहत बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए पचास हजार से तीन लाख तक की योजना संचालित है जिसका अधिकतर लोगों ने लाभ भी उठाया है। कार्यक्रम में आद्या प्रसाद पाण्डेय, अजय त्रिपाठी, रामू विश्वकर्मा, रमेश पाल, माधुरी केसरी, प्रशांत केसरी, श्याम सुन्दर, जीतेन्द्र सोनकर, देवकुमार सोनकर, प्रेमचन्द्र चौधरी, पुष्पादेवी आदि लोग शामिल रहे।