पिपरी कोतवाली के गांजा गांव में शुक्रवार सुबह क्रिकेट खेलते समय दो युवकों के बीच विवाद हो गया। घटना को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। शोरगुल के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीचबचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले में दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गांजा गांव निवासी आनंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसका चचेरा भाई अजय कुमार घर के बाहर क्रिकेट खेल रहा था। इसी बीच गांव का सौरभ वहां पहुंच गया। क्रिकेट खेलने को लेकर दोनों युवकों में मामूली कहासुनी होने लगी।
कुछ देर बाद विवाद बढ़ गया तो दो पक्षों के लोग भी लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने हो गए। दोनों के परिवार वालों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोग लहूलुहान हो गए है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। हमले में एक पक्ष से अजय कुमार, आनंद कुमार व दो महिलाएं जख्मी हुईं हैं। घायलों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। वहीं दूसरी तरफ से भी हमले की तहरीर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।