प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुलिस के साथ मौजूद ठगी के दोनों आरोपी- मीडिया सेल
पुलिस ने बैंक में खाता खुलवाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से डेबिट कार्ड, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, फर्जी नंबर प्लेट और एक थार कार बरामद की गई है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को मंझनपुर निवासी विद्या सागर यादव ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोगों ने धोखे से उनका इंडियन ओवरसीज बैंक में खाता खुलवाया। इसके बाद डेबिट और सिम कार्ड अपने कब्जे में लेकर उनके खाते से लगभग 12 लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान कर लिया। मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी।
प्राथमिकी दर्ज होने के करीब 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों संजय सरोज निवासी पश्चिम शरीरा और आसिफ निवासी फिरोजपुर झिरका, नूंह (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कि वे गरीब लोगों को पैसों का लालच देकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे और उनके डेबिट, सिम कार्ड व चेकबुक अपने पास रख लेते थे। इसके बाद ऑनलाइन लोन, निवेश और सरकारी योजनाओं का झांसा देकर अन्य लोगों से धोखाधड़ी की रकम इन खातों में मंगवाकर निकाल लेते थे। पहचान छिपाने के लिए वे फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार, 21 डेबिट कार्ड, 17 सिम कार्ड, कई बैंक पासबुक-चेकबुक, आधार, पैन, वोटर आईडी सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।