मंझनपुर। सैनी कोतवाली के अजुहा स्थित हाईवे किनारे मिले रामकिशन पांडेय उर्फ राजा हत्याकांड का खुलासा हो गया है। राजा की हत्या प्रयागराज के एक दंपती ने की थी। दंपती राजा की ब्लैकमेलिंग से आजिज आ चुके थे। इस वजह से उन्होंने प्रयागराज में राजा को घर बुलाकर गोली मारकर उसकी हत्या की, फिर रस्सी से गला घोट दिया। इसके बाद शव कार में लादकर अजुहा में ससुर खदेरी नदी के पास फेंककर भाग निकले।
बुधवार को वारदात का खुलासा करते हुए एएसपी समर बहादुर ने बताया 22 मार्च को अजुहा में ससुर खदेरी नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला था। बाद में शव की शिनाख्त सरायअकिल कोतवाली के ककराहई गांव की माधवी ने उसे अपने पति रामकिशन उर्फ राजा के रूप में की। बताया कि वह लोग प्रयागराज के बघाड़ा में रहते थे। वहां राजा का एक महिला के अवैध संबंध स्थापित हो गया। महिला के पति ने राजा को रंगेहाथ पकड़ लिया था। तभी से वह उसका जान का दुश्मन बना था। इसके बाद वाराणसी से आई राजा की मां बेबीरानी ने सैनी ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया।
इस मामले में सैनी इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह ने प्रयागराज के लूकरगंज निवासी प्रखर श्रीवास्तव व उसकी पत्नी सुष्मिता को गिरफ्तार किया तो उन्होंने हत्या की बात कुबूल कर ली। प्रखर ने बताया राजा ने उसकी पत्नी के कुछ अंतरंग फोटो व वीडियो बना लिया था। उसी को वायरल करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल करता था। इसी वजह से उन लोगों ने राजा को मार डाला। अभियुक्तों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, रस्सी, कार व राजा की पैशन प्रो बाइक बरामद हुई है। आरोपी दंपती के खिलाफ लिखापढ़ी कर चलान न्यायालय भेजा गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।