पीड़ित ने एसपी ऑफिस में किया प्रदर्शन
- फोटो : kaushambi
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बसावनपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी दबंगाें ने एक मासूम को बेरहमी से पीटा। घटना की शिकायत कर पुलिस चौकी से लौट रहे उसके पिता को चाकू घोंप दिया। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज कुनबे ने गुरुवार को एसपी ऑफिस में प्रदर्शन किया। चेताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन किया जाएगा।
बसावनपुर निवासी अशोक कुमार पुत्र मसुरियादीन ने बताया कि पड़ोसी दबंगों से उसकी पुरानी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। आरोप है कि 21 मई को दबंगों ने घर में घुसकर उसके छह वर्षीय बेटे मानू को जमकर पीटा।
इसकी शिकायत करके मूरतगंज पुलिस चौकी से लौटते वक्त रास्ते में घेरकर अशोक को भी पीटा। उसके पेट में चाकू घोंप दिया। बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दिए जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
इसी बात से परेशान पीड़ित कुनबे ने गुरुवार को एसपी कार्यालय में प्रदर्शन करके कार्रवाई की मांग की। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता ने कोखराज इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।