The condition of the injured home guard deteriorated after being shot, referred to Prayagraj
गोली लसरायअकिल कोतवाली के कंथुवा मोहल्ले में शनिवार सुबह यूपी-112 की पीआरवी में गोली लगने से घायल होमगार्ड के जवान शैलेश कुमार की हालत बिगड़ गई है। निजी अस्पताल से जवान को प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना में फिलहाल किसी तरह की एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
कौशाम्बी कोतवाली के विदांव निवासी शैलेश कुमार होमगार्ड के जवान हैं। शैलेश की ड्यूटी सरायअकिल कोतवाली की पीआरवी 1197 में है। शैलेश पीआरवी वैन का चालक है। शनिवार को वह दीवान संतोष कुमार राय के साथ ड्यूटी पर था। कंथुवा गांव के समीप वह लोग वैन लेकर खड़े थे तभी दीवान अपनी सर्विस रिवाल्वर साफ करने लगा। इस दौरान अचानक चली गोली शैलेश के पैर में जा लगी। गोली लगने पर शैलेश जख्मी हो गया।
आननफानन उसे सरायअकिल स्थित संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की संचालिका डॉ. मनीषा के मुताबिक गोली आर-पार निकल गई थी। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, घटना के बारे में इंस्पेक्टर सरायअकिल अनुपम शर्मा का कहना है कि घटना एक हादसा थी। एसपी ने मामले में विभागीय जांच का आदेश दे दिया है। अब तक किसी ने तो तहरीर दी और न ही घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।