सैनी कोतवाली के अटसराय स्थित आयुष स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र में तैनात सीएचओ का शव फतेहपुर जनपद के खागा अंतर्गत मानू का पूरा गांव स्थित किराये के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतका की मां ने पति समेत ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
हमीरपुर जनपद की रहने वाली विद्या देवी ने बताया कि उनकी बेटी दीप माला अटसराय स्थित आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र में सीएचओ के पद पर तैनात थी। उसकी शादी कानपुर के द्विवेदी नगर निवासी रामप्रताप सोनकर के साथ हुई थी। रामप्रताप फतेहपुर के विजयीपुर स्थित प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं। ऐसे में खागा के मानू का पूरा गांव में बेटी-दामाद किराये का कमरा लेकर रह रहे थे।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे दीपमाला का शव कमरे के भीतर फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची खागा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को मायके वाले आ गए। मृतका की मां ने उसके पति व सास-ससुर पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
खागा इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।