कस्बे के फकीराबाद चौराहे पर बृहस्पतिवार को दोपहर मामूली बात को लेकर हुई मारपीट के आरोपी अलीशान को पुलिस ने शनिवार को पुरखास गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट भेज दिया। जहां से उसे जेल भेजा गया।
फकीराबाद चौराहे पर बृहस्पतिवार दोपहर किशुनपुर अंबारी गांव के मोईनउद्दीन और खरसेन का पूरा गांव के छोटेलाल के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच मोईनउद्दीन ने फोन कर अपने प्रधान के बेटे सद्दाम हुसैन को बुला लिया। सद्दाम हुसैन अपने साथ स्कॉर्पियो से 10 युवकों को लेकर पहुंचा और छोटेलाल व उसके साले रतगहा गांव के अभय कुमार को मारापीटा।
मारपीट का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामले में छोटेलाल की पत्नी ऊषा देवी की तहरीर पर पुलिस ने सद्दाम हुसैन समेत आठ नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शुक्रवार की रात मुठभेड़ में सद्दाम हुसैन को इमलीगांव के समीप बाग से गिरफ्तार किया गया ता। शेष आरोपी फरार थे।
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि मारपीट करने वाले दूसरे आरोपी अलीशान को शनिवार गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर एक तमंचा कारतूस और मारपीट में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है।