कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाली युवती शोहदे से काफी परेशान है। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने पहले फर्जी निकाहनामा दिखाकर शादी तुड़वा दी, अब उसे तेजाब से जला डालने की धमकी दे रहा है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
आरोप है कि रक्सौली गांव का जावेद उससे जबरन शादी करना चाहता है। पिछले दिनों परिवार के लोगों ने एक जगह उसका रिश्ता तय कर दिया। दो मार्च को बारात आनी थी। इसकी भनक जावेद को लगी तो उसने फर्जी निकाहनामा तैयार करके वर पक्ष के लोगों को दिखा दिया। इससे वर पक्ष के लोग शादी से मुकर गए।
अब जावेद अपने साथ निकाह नहीं करने पर उसे तेजाब से जलाकर मार डालने की धमकी दे रहा है। धमकी से परेशान युवती ने घटना की शिकायत पुलिस से की। शनिवार को पुलिस ने जावेद के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर रोशन लाल का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर शांतिभंग के अंदेशे में चालान किया गया है।